नशे में धुत बारातियों में मारपीट, हवाई फायरिंग
रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के पोखरनी गांव में बुधवार रात नशे में धुत बारातियों के दो गुटों ने जमकर हंगामा किया। आपस में मारपीट करने के साथ ही लाइसेंसी बंदूक से कई राउंड हवाई फायरिंग की। इससे अफरातफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे 11 बारातियों को दबोच लिया। सभी के खिलाफ केस दर्ज करने के साथ ही बंदूक को कब्जे में लिया गया है।
महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के पोखरनी गांव निवासी हरिश्चंद्र नाई की बेटी की बुधवार को शादी थी। लखनऊ के मोहनलालगंज से बारात आई थी। रात में नशे में धुत बारातियों के दो गुटों में विवाद हो गया।
बात इतनी बढ़ी कि मारपीट हो गई। लाइसेंसी बंदूक से दो-तीन राउंड हवाई फायरिंग भी की गई। इससे वहां अफरातफरी मच गई। सूचना पर कोतवाल धर्मेंद्र दुबे मौैके पर पहुंचे और मामला शांत कराया।
कोतवाल का कहना है कि दुर्गेश कुमार, अभिषेक सिंह, अमित कुमार, साजन, राहुल शुक्ल, कपिल शुक्ल, बृजेश यादव, संजय कुमार, शेर बहादुर, सुनील कुमार व मनोज कुमार को गिरफ्तार करने के साथ ही केस दर्ज कर जेल भेजा गया है। साथ ही एक बंदूक और दो कारतूस बरामद किए हैं।