भूमि विवाद में दबंगों ने रिटायर्ड शिक्षक व परिवार को पीटा
खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में गुरुवार को सिपाही की मौजूदगी में दबंगों ने रिडायर्ड शिक्षक व उसके परिवारीजनों की पिटाई कर दी।
सूचना पर पहुंचे दूसरे सिपाही ने मामले में बीचबचाव कराया। शिकायत मिलने पर लापरवाह सिपाही को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करते हुए उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
इस घटना में खीरों पुलिस की लापरवाही भी खुलकर सामने आई है। तीन दिन पहले भी रिटायर्ड शिक्षक व उसके परिवार वालों को पीटा गया, लेकिन दबाव में रिपोर्ट नहीं लिखी गई थी।
एसपी ने मामले को संज्ञान में लिया तो पुलिस ने केस दर्ज किया। तीन दिन पहले पुलिस ने मारपीट की एफआईआर क्यों नहीं लिखी, एसपी ने इस मामले के जांच के निर्देश दिए हैं।
खीरों के देवली गांव में तीन दिन पहले रिटायर्ड शिक्षक रामपियारे पासी और रामकिशुन पासी के बीच जमीन विवाद में मारपीट हो गई थी।
इसमें रिटायर्ड शिक्षक व उसकी पत्नी राजेश्वरी को चोटें आई थीं। शिकायत के बाद भी पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया था। गुरुवार को रिटायर्ड शिक्षक ने मामले की शिकायत एसपी से की थी।
इस पर एसओ ने सिपाही अभिनव शंकर को गांव भेज पीड़ित परिवार को थाने बुलाने के लिए कहा। पर पीड़ित परिवार ने सिपाही अभिनव के साथ थाने जाने से इन्कार कर दिया।
इस पर थानेदार शैलेंद्र सिंह ने सिपाही अंबुज को मौके पर भेजा। सिपाही अंबुज पीड़ित परिवार को थाने पर ले जा रहा था तभी विपक्षियों ने अपने घर के सामने रिटायर्ड शिक्षक व उसके परिवारवालों को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के समय सिपाही अभिनव शंकर मौजूद था। लेकिन उसने बीचबचाव कराना उचित नहीं समझा। बताते हैं कि वह विपक्षियों को मारपीट करने के लिए उकसा रहा था।
शिकायत मिलने पर एसपी ने सिपाही अभिनव शंकर को लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही विभागीय जांच के लिए आदेश दिए हैं। एसओ शैलेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में जमीन का विवाद है।
रिटायर्ड शिक्षक की तहरीर पर आरोपी रामकिशुन पासी समेत तीन हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में कार्रवाई की जाएगी। सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है।