ट्रैक पर आ गया सांड़, इमरजेंसी ब्रेक लगा रोकी ट्रेन
ऊंचाहार (रायबरेली)। ऊंचाहार-रायबरेली रेलखंड पर रामचंदरपुर स्टेशन के पास चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर अचानक ट्रेन रोक दी।
इससे ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। बाद में पता चला कि ट्रैक पर सांड़ खड़ा होने से ट्रेन को रोका गया है। करीब 10 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही।
रायबरेली से ऊंचाहार आ रही पैसेंजर ट्रेन के सामने अचानक एक सांड़ ट्रैक पर खड़ा हो गया। चालक ने हार्न बजाया, लेकिन सांड़ नहीं हटा तो उसने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर किसी तरह ट्रेन रोक दी।
इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। लोगों ने ट्रेन से उतरकर देखा तो एक सांड़ ट्रैक पर खड़ा था। लोगों ने सांड़ को ट्रैक से हटाया। करीब दस मिनट तक ट्रेन खड़ी रही।
सांड़ के हटने के बाद ट्रेन ऊंचाहार के लिए रवाना हुई। स्टेशन अधीक्षक जवाहरलाल ने बताया कि सांड़ की वजह से ट्रेन रोकी गई थी।