कस्तूरबा विद्यालय की छात्रा की संदिग्ध हालत में मौत
फुरसतगंज (रायबरेली)। अमेठी जिले के तेंदुआ स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में गुरुवार सुबह कक्षा सात की छात्रा की संदिग्ध हालत में मौत हो गई।
उल्टी-दस्त शुरू होने के बाद छात्रा को एंबुलेंस से सीएचसी फुरसतगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छात्रा की मौत की खबर मिलते ही बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। एडीएम अमेठी ईश्वरचंद व एसडीएम तिलोई अशोक शुक्ला, बीएसए राजकुमार, बीईओ शिव बहादुर मौर्य मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू करा दी है।
फुरसतगंज के पूरे केसरी मजरे फरीदपुर परवर गांव की नीलम पुत्री राकेश कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, तेंदुआ में कक्षा सात की छात्रा है।
वार्डन मंजू तिवारी के अनुसार, छात्रा बुधवार रात खाना खाने के बाद सो गई। गुरुवार सुबह सात बजे जब उसकी नींद खुली तो उसे उल्टी-दस्त शुरू हो गया।
एंबुलेंस बुलाकर उसे सीएचसी फुरसतगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. संजय जायसवाल ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा की मौत के बाद अमेठी में शिक्षा विभाग व प्रशासन में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।