शिवगढ़ (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। एकलौते पुत्र की मौत से मां का रो-रोकर हाल बेहाल है। गौरीगंज थाने के गौहनिया गांव की रहने वाली सरिता सिंह पत्नी स्वर्गीय नागेंद्र सिंह अपने इकलौते पुत्र निशांत सिंह उर्फ यश (12) के साथ शिवगढ़ में किराए के मकान में रहती है।
निशांत केंद्रीय विद्यालय शिवगढ़ में कक्षा सात का छात्र था। सुबह सरिता सिंह सक्षम संस्था में नौकरी पर चली गई। शाम को लौटी तो उनका पुत्र निशांत दुपट्टे के सहारे कमरे में फांसी के फंदे पर लटकता मिला। यह देखकर उसके होश उड़ गए।
चीख-पुकार पर इकट्ठे मोहल्ले वालों ने पुलिस को सूचना दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। सरिता अपने बच्चे को पढ़ाने के लिए ही शिवगढ़ में रहती थी। थाना प्रभारी अर्जुन राजपूत ने बताया कि मां ने बेटे को आटा लाने के बात को लेकर डांटा था और वह अपने कार्य पर चली गई। उसी बीच में बच्चे ने फांसी लगा ली।