शिवगढ़ (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में शनिवार को बुआ के घर त्योहारी देने जा रहे बाइक सवार राजगीर की बाइक हाईवे पर टूटी पड़ी नाले की पुलिया पर चढ़कर अचानक पलट गई।
इसी बीच पीछे से आ रहे बेकाबू ट्रक ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना से आसपास के लोगों का मजमा लग गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बाराबंकी जिले के लोनी कटरा थाना क्षेत्र के गनाहरी गांव निवासी राजेश कुमार (40) पुत्र छेदालाल राजगीर था। शनिवार सुबह वह शिवगढ़ थाना क्षेत्र के खजुरों में अपनी बुआ कृष्णा को त्यौहारी देने जा रहा था।
तभी बांदा-बहराइच राजमार्ग पर हाईवे पर टूटी नाले की पुलिया पर राजेश की बाइक चढ़कर पलट गई। इसी बीच बछरावां की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक बाइक सवार को रौंदते हुए भाग गया।
युवक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। सूचना पर पहुंचे राजेश के पुत्र संजय ने बताया कि उसके पिता राजगीर थे। काम के लिए हर्जा ना हो, इसीलिए सुबह तड़के चार बजे उठकर बुआ के घर त्योहारी देने निकले थे।
ग्रामीण की मौत से परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। सीओ महराजगंज गोपीनाथ सोनी ने बताया कि तहरीर पर केस दर्ज किया जाएगा।