परीक्षा दे रही छात्रा चक्कर खाकर गिरी, मौत
तिलोई-सिंहपुर। अमेठी जिले के शिवतरनगंज थाना क्षेत्र के परीक्षा केंद्र रामजानकी बाजपेयी बालिका इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की परीक्षा दे रही छात्रा चक्कर खाकर गिर गई।
उसे होश में लाने का प्रयास किया गया लेकिन राहत न मिलने पर उसे तत्काल सीएचसी सिंहपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छात्रा की मौत के बाद परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मच गया। बाद में पिता ने मौके पर पहुंचकर शव का पीएम कराने से इंकार कर दिया।
एसडीएम तिलोई अशोक कुमार शुक्ला व सीओ तिलोई बीनू सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। तिलोई तहसील क्षेत्र के तिवारीपुर मजरे ठोकरपुर निवासी ममता (16) पुत्री ओमप्रकाश यादव परीक्षा वाले स्कूल में ही कक्षा-10 की संस्थागत छात्रा थी।
बुधवार सुबह वह हिंदी का पेपर देने के लिए परीक्षा केंद्र रामजानकी बाजपेयी बालिका इंटर कॉलेज के कक्ष संख्या 6 में पहुंची।
करीब पौने आठ बजे परीक्षा देने के दौरान ही उसे चक्कर आ गया। वह बेहोश होकर बेच से नीचे गिर गई। छात्रा के बेहोश होकर गिरते परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मच गया।
एंबुलेंस बुलाकर छात्रा को सीएचसी सिंहपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत छात्रा तिलोई भाजपा अध्यक्ष श्याम मूर्ति यादव की भतीजी थी।
सूचना मिलने पर शिवतरनगंज थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पिता ओम प्रकाश भी घटना की सूचना पर अस्पताल पहुंचे।
पिता ने बताया कि 15 दिन पहले ब्रह्मभोज में शामिल होने के बाद ममता की तबियत खराब हो गई थी। थानाध्यक्ष शिवरतनगंज संतोष सिंह ने बताया कि ममता के पिता ने शव का पीएम कराने से इंकार कर दिया है, जिसके कारण पंचनामा करने के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है।