रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के रतापुर स्थित फिरोज गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज में मंगलवार को शिक्षकों और छात्रों के बीच टकराव हो गया।
इस दौरान न सिर्फ झड़पें हुईं, बल्कि हाथापाई भी हुई। इससे कॉलेज में अफरातफरी मच गई। जानकारी होने पर पुलिस भी पहुंच गई। तहरीर मिलने पर पुलिस कार्रवाई करने की बात कह रही है।
फिरोज गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र प्रधानाचार्य से कुछ मुद्दों को लेकर नाखुश थे। नाराज छात्र मंगलवार को इन्हीं मुद्दों को लेकर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन करने लगे।
विवाद इतना बढ़ा कि शिक्षकों और छात्रों में झड़प हो गई। हाथापाई भी गई। सूचना पर पुलिस पहुंची तो मामला शांत हो सका। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद कॉलेज प्रशासन की तरफ से कई छात्रों के खिलाफ अनुशासनहीनता की कार्रवाई की गई। थाने में तहरीर दी गई, लेकिन बाद में वापस ले ली गई।
कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि किसी बात को लेकर छात्र खफा हुए थे, लेकिन उन्हें बाद में शांत करा दिया गया। किसी छात्र के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
उधर, थानेदार विनय कुमार सिंह ने बताया कि शिक्षकों और छात्रों के बीच विवाद हुआ था। सूचना पर पहुंचकर मामला शांत करा दिया गया था। कोई तहरीर नहीं मिली है।