रायबरेली। एक ऐसा मेला, जहां ज्ञान का भंडार मिला तो विज्ञान की बातें भी सीखने को मिलीं। मनोरंजन के साथ ही चटपटे व्यंजनों का स्वाद भी चखने को मिला। यह मेला प्रभु टाउन स्थित राइजिंग चाइल्ड स्कूल में रविवार को आयोजित हुआ। एडु-कार्निवाल नामक इस मेले में कई तरह के स्टॉल लगाए गए जिनमें विभिन्न मॉडल के साथ ही भाषा से संबंधित पोस्टर प्रदर्शित किए गए। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मन मोह लिया। साथ ही बच्चों एवं अभिभावकों के लिए प्रतियोगिताएं भी आयोजित हुईं।
एडु-कार्निवाल का शुभारंभ सीओ सिटी वंदना सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन से किया। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शिक्षाप्रद मेले के आयोजन से बच्चों को अपनी अकादमिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। एडु-कार्निवाल में छात्र-छात्राओं ने क्रॉफ्ट, विज्ञान और शिक्षाप्रद मॉडल प्रदर्शित किए। प्री-प्राइमरी के बच्चों ने बम बम भोले..., जिंगल बेल्स... आदि गीतों पर डांस प्रस्तुत कर अभिभावकों की खूब तालियां बटोरीं। अभिभावकों और बच्चों के लिए संयुक्त रूप से म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता हुई। इसमें अनादि शुक्ला विजेता रहे। साथ ही रस्साकशी प्रतियोगिता में माताओं ने भाग लिया।
लकी ड्रॉ में समर्थ सिंह और नीतू वर्मा पुरस्कृत किए गए। मुख्य अतिथि ने स्टॉल का निरीक्षण किया और बच्चों से सवाल भी पूछे। बतौर अतिथि शिल्पी रानी, अक्षय कुमार, डॉ. विपिन गुप्ता भी उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य सीमा श्रीवास्तव ने स्वागत किया। संचालन साराह एवं सावन ने किया। प्रबंधक अरविंद श्रीवास्तव एडवोकेट ने आभार जताया। इस मौके पर शताक्षी, राखी, स्वालेहा, स्मृति, शिखा, आरती, शालिनी, महिमा, मीमांसा, शगुफ्ता, सानिया, सौम्या, जेबा, शिवांगी व तौफीक आदि मौजूद रहे।