रायबरेली में दीवानी कचहरी परिसर में 18 कक्षीय नए न्यायालय भवन का भूमि पूजन करते इलाहाबाद हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस डीबी भोसले व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
इलाहाबाद उच्च न्यायालय के चीफ जस्टिस डीबी भोसले ने शुक्रवार को दीवानी कचहरी परिसर में 18 कक्षीय नए न्यायालय भवन का शिलान्यास किया। उन्होंने भूमि पूजन करते हुए नींव की ईंट रख कर रिमोट से शिलापट का अनावरण भी किया। इस दौरान उनके साथ जिले के प्रशासनिक न्यायाधीश जस्टिस ऋतुराज अवस्थी भी मौजूद रहे।
दीवानी कचहरी पहुंचने पर चीफ जस्टिस, प्रशासनिक न्यायाधीश का जिला जज वीके श्रीवास्तव ने स्वागत किया। इसके बाद चीफ जस्टिस प्रशासनिक न्यायाधीश के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। यहां पर गायत्री परिवार के मनोरम शुक्ला, बीबी सिंह, आरसी श्रीवास्तव, श्रीनारायण, भाग्य देव तिवारी व बृजपाल ने मंत्रोच्चारण के साथ भूमि पूजन कराया।
चीफ जस्टिस ने पूजा के बाद नींव पर ईंट रखी। वहीं रिमोट दबाकर शिलापट का अनावरण भी किया। हालांकि चीफ जस्टिस ने कोई संबोधन नहीं किया। इस मौके पर अपर जिला जज मुहम्मद हुसैन व आशीष गर्ग समेत सभी न्यायिक अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष मो. इलियास, सेंट्रल बार एसोसिएशन अध्यक्ष लक्ष्मी शंकर वाजपेयी, महामंत्री लाल आशा किरन प्रताप सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश तिवारी समेत काफी संख्या में अधिवक्ता व कर्मचारी मौजूद रहे।
मार्च 2019 में पूरा होगा निर्माण
नए 18 कक्षीय न्यायालय भवन के निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड को सौंपी गई है। मार्च 2019 तक पूरे होने वाले निर्माण में करीब 30 करोड़ रुपये खर्च होंगे। न्यायालय भवन के बेसमेंट व भूतल पर पार्किंग होगी। वहीं प्रथम, द्वितीय व तृतीय तल पर छह-छह न्यायालय कक्ष बनेंगे। चतुर्थ और पंचम तल पर कार्यालय बनाया जाएगा।