रायबरेली। ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में एक घर में लूटपाट करने वाले चार बदमाश सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गए हैं। फुटेज के जरिए पुलिस बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। कहा जा रहा है कि फुटेज में दिख रहे बदमाशों की उम्र 18 से लेकर 20 वर्ष ही है, जो बाहरी नहीं, बल्कि क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार वारदात के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमें लगाई हैं।
फरीदपुर गांव निवासी उमेश कुमार शुक्ल के घर पर सोमवार रात बदमाशों ने नकदी, जेवरात समेत दो लाख की लूट की थी। विरोध करने पर बदमाशों ने उमेश की पत्नी व बच्चों को कमरे में बंधक बना दिया था। घटना के बाद ऊंचाहार कोतवाल विनोद सिंह, एसओजी टीम प्रभारी अमरेश कुमार त्रिपाठी की अगुवाई में चार पुलिस टीमों ने पीड़ित के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज में चार बदमाश पीड़ित के घर आते जाते हुए साफ दिखे। हालांकि पुलिस उनकी पहचान अभी तक नहीं कर पाई है। पुुलिस अधीक्षक का कहना है कि लूटपाट की वारदात का पर्दाफाश करने के लिए चार पुलिस टीमें सुराग जुटा रही हैं। सीसीटीवी फुटेज में चार बदमाश पीड़ित के घर के पास दिख रहे हैं। जल्द लूूट की वारदात का पर्दाफाश होगा।