बछरावां (रायबरेली)। इसिया चौराहा के निकट अनियंत्रित कार बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद पलट गई। हादसे में बाइक सवार रेलवे कर्मी समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
सारीखेड़ा मजरे नीमटीकर गांव निवासी तिलक प्रसाद (35) कानपुर में रेलवे विभाग में नौकरी करता है। छोटा भाई शिवप्रसाद (23) उसे बाइक से बछरावां बस स्टाप छोड़ने जा रहा था।
लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग पर इसिया चौराहे पर पहुंचा, तभी बछरावां से लखनऊ की ओर जा रही तेज रफ्तार कार बाइक में टक्कर मारते हुए पलट गई। हादसे में बाइक सवार दोनों भाई व कार चालक चिरागदीन (40) निवासी राजस्थान के जयपुर जिले के जवाहर नगर गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष जगदीश यादव ने कहा कि तहरीर मिलने पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया जाएगा।