लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर रोड स्थित आनापुर गांव के निकट एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार व्यवसायी की मौत हो गई। बाइक पर सवार उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नौबस्ता मजरे खजूरगांव निवासी कुंवर बहादुर सिंह (42) साथी संजय निवासी बैसन का पुरवा के साथ बाइक से गांव की ओर जा रहे थे। तभी फतेहपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में कुंवर बहादुर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद कार पलट गयी। गनीमत रही कि उस पर सवार फतेहपुर के छिवलहा निवासी कमलेश गुप्ता, उनका बेटा केशव व माता कलावती को चोट नहीं लगी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया जहां कुंवर बहादुर सिंह को मृत घोषित कर दिया जबकि साथी संजय को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कुंवर का गंगागंज में फर्नीचर का व्यवसाय था। पुलिस दोनों वाहनों को थाने ले गई है। मृतक के भाई अमर बहादुर ने कोतवाली में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।