रायबरेली। परिवहन निगम ने बसों के किराए में बढ़ोतरी कर दी है। लखनऊ और प्रयागराज मार्ग पर तीन-तीन रुपये और कानपुर मार्ग पर दो रुपये की वृद्धि की गई है।
जिले के लोकल रूटों पर किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। यह बढ़ोतरी टोल प्लाजा पर बढ़ाए गए टोल टैक्स के कारण किया गया है।
टोल प्लाजा पर टैक्स में बढ़ोतरी का असर अब दिखने लगा है। बढ़े टोल को देखते हुए परिवहन निगम ने बसों के किराए में दो से तीन रुपये की बढ़ोतरी कर दी है।
रायबरेली से लखनऊ जाने के लिए अब तक 100 रुपये का टिकट बनता था, लेकिन अब यात्रियों को 103 रुपये देने होंगे। इसके अलावा रायबरेली से कानपुर के बीच दो रुपये किराया बढ़ाया गया है। पहले 139 रुपये किराया था। अब किराया बढ़ाकर 141 कर दिया गया है।
रायबरेली से प्रयागराज जाने वाले यात्रियों को तीन रुपये अधिक किराया देना होगा। पहले 149 रुपये खर्च करने पड़ते थे लेकिन अब 152 रुपये का टिकट लेना होगा। सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ मार्ग पर भी किराए में मामूली बढ़ोतरी की गई है।
डीजल के रेट में उछाल से और बढ़ सकता है किराया
परिवहन निगम की बसों के किराए में और बढ़ोतरी की जा सकती है। डीजल के रेट में लगाकर आ रहे उछाल के कारण जल्द ही किराए में बढ़ोतरी हो सकती है।
हालांकि अब तक निगम ने टोल के बढ़े रेट के कारण ही किराए के रेट बढ़ाए हैं। जल्द ही डीजल के बढ़े रेट के कारण ही किराया बढ़ाया जा सकता है। डीजल के बढ़ रहे रेट का बोझ यात्रियों पर पड़ सकता है।
टोल प्लाजा पर टोल का रेट बढ़ने के कारण रूटों पर किराने में मामूली बढ़ोतरी की गई है। लखनऊ और प्रयागराज मार्ग पर तीन-तीन रुपये और कानपुर रूट पर दो रुपये का किराया बढ़ाया गया है। लोकल रूटों पर किराए में बढ़ोतरी नहीं की गई है।
अक्षय कुमार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक