फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो दिन से घर पर रखा शव, नहीं कराया पोस्टमार्टम

विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। अमेठी और रायबरेली पुलिस की लापरवाही से दो दिन से एक ट्रक खलासी के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। शव घर पर रखा और परिवारीजनों में कोहराम मचा है। रायबरेली की भदोखर और अमेठी जिले की फुरसतगंज पुलिस एक-दूसरे का घटनास्थल क्षेत्र बताकर शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं है। पीड़ित परिवार ने सोमवार को पुलिस कार्यालय पहुंचकर एएसपी से प्रकरण की शिकायत की। एएसपी के निर्देश पर भी भदोखर थानेदार ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया और अपनी मनमानी पर अड़े रहे। पीड़ित परिवार ने तत्काल प्रभाव से थानेदार को हटाकर निलंबित किए जाने की मांग की। साथ ही पूरे प्रकरण से मुख्यमंत्री को अवगत कराने की बात कही।
विज्ञापन

रायबरेली जिले के भदोखर थाना क्षेत्र के भुएमऊ गांव निवासी अरविंद मिश्रा के भाई की एवं ट्रक खलासी राम आशीष 18 दिसंबर को सड़क हादसे में घायल हो गया था। जिला अस्पताल के बाद उसे लखनऊ ले जाया जा रहा था। लखनऊ ले जाते समय ट्रक खलासी की मौत हो गई। अरविंद की मानें तो यह हादसा रायबरेली-अमेठी जिले की सीमा पर हुआ था। भाई की मौत के बाद उसका शव घर लाया गया। भदोखर थानेदार यशकांत सिंह को घटना की सूचना देकर शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा गया। दो दिन बाद भी थानेदार ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया।
यही नहीं थानेदार ने पीड़ित परिवार की बात को अनसुना करते हुए कहा कि फुरसतगंज पुलिस से बात करो, मुझसे नहीं। पीड़ित परिवार इधर-उधर भटकता रहा। इसके बाद पीड़ित परिवार ने फुरसतगंज पुलिस से संपर्क साधा। फुरसतगंज पुलिस ने भी शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया। खास बात ये है कि सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक ने भदोखर थानेदार को शव का पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए, लेकिन इसके बाद भी थानेदार अपनी मनमानी पर अड़े रहे और शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया।
विज्ञापन

भदोखर थानेदार यशकांत सिंह का कहना है कि सड़क हादसा फुरसतगंज क्षेत्र में हुआ है। फुरसतगंज पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराए। उधर, फुरसतगंज थानेदार मनोज सोनकर का कहना है कि यदि फुरसतगंज क्षेत्र में हादसा हुआ है ठीक है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर लिया जाएगा। मृतक का गांव भुएमऊ पड़ता है। कम से कम भदोखर पुलिस को शव का पोस्टमार्टम तो कराना चाहिए था। पोस्टमार्टम कराने के लिए कोई घटनास्थल तो जरूरी नहीं होता।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला संज्ञान में आया है। भदोखर थानेदार को शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा गया है। आदेश के बावजूद भी यदि थानेदार ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है तो इसकी जांच कराई जाएगी। इस तरह की मनमानी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विज्ञापन

-विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें