रायबरेली। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से हर वर्ष की भांति इस साल भी विश्व रक्तदाता दिवस पर 14 जून को जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा।
महादानियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। ब्लड बैंक की ओर से जारी डोनर कार्ड भी रक्तदाता को दिया जाएगा।
जिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. नीता साहू का कहना है कि रक्तदान करने से शरीर पर कोई असर नहीं पड़ता है, बल्कि गंभीर रोगों से निजात मिल जाती है।
इसके अलावा आपका रक्त किसी भी व्यक्ति की जिंदगी बचा सकता है। आपका रक्त दूसरों को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन का यह प्रयास प्रशंसनीय है।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बीरबल का कहना है कि रक्तदान करने से शुगर, हार्ट, अटैक, मधुमेह आदि गंभीर बीमारियां नहीं हो सकती। बताया जाता है कि 18 से 65 वर्ष आयु का स्वस्थ कोई भी व्यक्ति साल में चार बार रक्तदान कर सकता है। रक्तदान करने के बाद रक्त ताजा हो जाता है और जल्द रिकवर करता है।
रक्तदान करने से ब्लड पतला होता है। इसलिए हार्टअटैक की संभावना नहीं रहती है। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक के परामर्शदाता राघवेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि शिविर में भाग लेने वाले महादानी अपना नाम, पता व मोबाइल नंबर व्हॉट्सएप नंबर 9451653600 पर पंजीकृत करा सकते हैं।