अमावां (रायबरेली)। मिल एरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इससे बाइक चालक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना रायबरेली-सुल्तानपुर रोड पर डिघिया गांव के पास हुई।
पूरे बनिया गांव का रामकेश अपने साथी छोटेलाल के साथ बाइक से कहीं जा रहा था। डिघिया गांव के पास डीसीएम की टक्कर से बाइक चालक रामकेश (19) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथी छोटेलाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल छोटेलाल को जिला अस्पताल पहुंचाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं चालक डीसीएम छोड़कर मौके से भाग निकला। एसओ आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।