रायबरेली। हजरत मोहम्मद साहब के जन्म दिवस पर मंगलवार को ईद मिलादुन्नबी धूमधाम से मनाई गई। शहर से लेकर जिले के अन्य कस्बों में जुलूस निकाला गया। जुलूस के बाद जलसे का आयोजन हुआ।
शहर के खाली सहाट, कहारों का अड्डा सहित अन्य स्थानों पर बारावफात धूमधाम से मनाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर सीओ सदर महिपाल पाठक व कोतवाल अतुल सिंह मुस्तैद रहे।
महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार इस्लामिया स्कूल से निकले जुलूस का समापन हैदरगढ़ रोड पर स्थित मोहम्मद इश्तियाक के प्रतिष्ठान पर जलसे में तब्दील हुआ। जुलूस का नेतृत्व जनाब सज्जाद कादरी, कारी इरफान समेत कई ने किया।
घसियारी मंडी चौराहा पर भाजपा नेता और चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू ने सभी को सम्मानित किया, मिठाइयां बंटवाई।
ऊंचाहार प्रतिनिधि के अनुसार जुलूस कस्बे के खरौली रोड से होते हुए थाना चौराहा पहुंचा।
जुलूस को हाइवे से निकालने के लिए वाहनों को रोकना पड़ा। जुलूस में शामिल लोगों के जलपान के लिए जगह जगह खाने पीने के सामानों के स्टाल लगाए गए थे, जुलूस खरौली रोड पर समाप्त हुआ।
जुलूस में भाजपा नेता अशोक मौर्य, नगर पंचायत की चेयरमैन शाहीन सुल्तान, शानू सिद्दीकी, समेत कई शामिल रहे। सरेनी प्रतिनिधि के अनुसार बाजार की मस्जिद से जुलूस निकाला गया। क्षेत्र के गजपतिखेड़ा, मुरारमऊ में भी जुलूस निकाला गया। मौके पर नईम खान, जैनुल हसन, ख्वाजा हसन आदि मौजूद रहे।
गदागंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के जलालपुर धई व धमधमा में जश्न बाद जुलूस के साथ इस त्यौहार को मनाया गया। डीह प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे में हुए जलसे में मदरसे के बच्चों सहित अन्य लोगों ने शिरकत की।