रायबरेली। सेना के जवान की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। उन्नाव जिले के रहने वाले जवान ने जिले की खीरों सीएचसी में आकर आरटीपीसीआर जांच कराई थी। सोमवार को एसजीपीजीआई से आई रिपोर्ट में वह संक्रमित पाया गया। मामले में उन्नाव के सीएमओ को रिपोर्ट भेज दी गई है। सूत्रों का कहना है कि उन्नाव जिले की टीम कोरोना संक्रमित के घर पहुंच गई है। उधर, सोमवार को दुबई से आए चार और लोगों की निगरानी शुरू कर दी गई है। आरटीपीसीसीआर जांच के लिए सैंपल भी भेजा गया है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि उन्नाव जिले के बीघापुर थाना क्षेत्र के सुखदीनपुर गांव के रहने वाले सेना के जवान ने चार दिसंबर को जिले की खीरों सीएचसी में आकर कोरोना जांच के लिए सैंपल दिया था। सोमवार को एसजीपीजीआई लखनऊ से आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। मामले को उन्नाव रेफर कर दिया गया है।
उन्नाव जिले की स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रमित के घर पहुंच गई है। दुबई से चार और लोग आए हैं। सभी की निगरानी शुरू कर दी गई है। कोरोना जांच के लिए सैंपल भी भेजा गया है। इसके अलावा विदेश से आने के बाद मोबाइल बंद रखने वाले 78 लोगों को ट्रेस कर लिया गया है। ब्लॉक की टीमों ने यात्रियों के घर पहुंचकर उनकी सेहत की जांच की है। सभी लोग स्वस्थ हैं। विदेश से आने वाले सभी लोगों की कंट्रोल रूम से रोजाना स्क्रीनिंग की जा रही है।
मुंबई से चलकर रायबरेली पहुंची उद्योग नगरी के यात्रियों की सोमवार को शहर स्थित रेलवे स्टेशन पर कोविड जांच की गई। लैब टेक्नीशियन एसपी मौर्या, अंकुर पटेल, धर्मेंद्र पाल व हिमकर दीक्षित आदि की टीम ने मुंबई से आए सभी 85 यात्रियों की एंटीजन जांच की। हालांकि जांच में सभी लोग निगेटिव मिले। इसके अलावा जिले में 3609 से अधिक लोगों की एंटीजन और आरटीपीसीआर जांच की गई। एंटीजन जांच में कोई भी संक्रमित नहीं मिला। आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल एसजीपीजीआई लखनऊ भेजा गया है।