रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग की जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह प्रतियोगिता पुलिस लाइन ग्राउंड में 7 और 8 दिसंबर को होगी। इसमें कक्षा एक से आठ तक के लगभग दो हजार बालक-बालिकाएं हिस्सा लेंगी जो प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर की विभिन्न स्पर्धाओं में दमखम दिखाएंगे। निर्णायकों के रूप में लगभग 50 शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों की ड्यूटी लगाई जा चुकी है। व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रहे, इसके लिए आठ समितियां भी बनाई गई हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताएं पखवाड़े भर से चल रही हैं जिसमें अभी तक नगर क्षेत्र एवं सभी 18 विकास क्षेत्रों में प्रतियोगिताएं कराई गईं। ब्लॉक स्तर पर हुईं खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को पुलिस लाइन ग्राउंड में 7 एवं 8 दिसंबर को होने वाली जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में भाग लेना होगा।
बीएसए ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी विकास क्षेत्रों के खिलाड़ी मार्च पास्ट के दौरान ट्रैक-सूट में अपने ब्लॉक के झंडे के साथ प्रतिभाग करेंगे। खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था पूर्व माध्यमिक विद्यालय चक अहमदपुर और पूर्व माध्यमिक विद्यालय बेलीगंज में की गई है।
दोनों दिन होने वाली स्पर्धाएं तय कर ली गई हैं। पहले दिन 7 दिसंबर को प्राथमिक स्तर की खो-खो, कबड्डी, जूनियर स्तर की खो-खो, कबड्डी, कुश्ती, अंत्याक्षरी, योग, लोकगीत/लोकनृत्य, समूह गान, बैडमिंटन व वालीबॉल की प्रतियोगिता होगी। दूसरे दिन 8 दिसंबर को प्राथमिक स्तर की 50, 100, 200, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, जूनियर स्तर की 100, 200, 400, 600 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक, व्यायाम एवं विशेष प्रदर्शन होगा।
जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में सभी तरह की व्यवस्था देखने के लिए आठ समितियों का गठन किया गया है। सोमवार को बीएसए ने समितियों की घोषणा कर दी जिसमें बीईओ समेत शैक्षिक स्टाफ व शिक्षणेतर कर्मचारी लगाए गए हैं। सर्वोच्च न्याय/क्रीड़ा/अनुशासन समिति में बीएसए समेत नौ लोग शामिल हैं। इसी तरह स्वागत समिति, पुरस्कार समिति, अल्पना सजावट एवं पंडाल व्यवस्था समिति, अभिलेख समिति, संचालन समिति, खेल उपकरण/ट्रैक एंड फील्ड निर्माण समिति, जलपान समिति बनाई गई है।