रायबरेली। स्वच्छता के मामले में अपना शहर और साफ-सुथरा हुआ है। यूपी में छठवां, जबकि देश में 232वीं रैंक आई है। वर्ष 2020 में आई रैकिंग की तुलना में इस बार शहर ने जबरदस्त छलांग लगाई है।
वर्ष 2020 में रायबरेली शहर सफाई के मामले में 43वां, जबकि देश में 250वें स्थान पर था। ऐेसे में इस बार नगर पालिका और शहरवासियों का प्रयास रंग लाया और हम प्रदेश के अन्य जिलों को पीछा छोड़ते हुए छठवें पायदान पर आ खड़े हुए।
अब बारी नंबर एक बनने की है। जिस तरह लोगों ने स्वच्छता की अलख जलाई, उससे जल्द ही सफाई के मामले में हम अव्वल होंगे।
केंद्र सरकार की ओर से जारी किए गए स्वच्छता सर्वेक्षण रिपोर्ट में रायबरेली शहर ने छठवां स्थान हासिल किया। इस सफलता के पीछे सभी की मेहनत है। शहर को साफ सुथरा बनाने के लिए न सिर्फ नए सफाई उपकरण की खरीद की गई है, बल्कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का काम किया गया।
अधिकारियों के अलावा सभासदों ने भी शहर को स्वच्छ बनाने में सहयोग किया। हालांकि अभी भी कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हैं और सफाई व्यवस्था पटरी पर नहीं आ पाई है। इसे जल्द सुधारने की जरूरत है, ताकि सफाई के मामले में पहला स्थान झटक सके।
2223 लोगों से लिया गया फीडबैक : आरिफ
जिला कार्यक्रम प्रबंधक मो. आरिफ ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण में 2223 लोगों से फीडबैक लिया गया। उनसे जानकारी ली गई कि आपके शहर में साफ-सफाई की क्या स्थिति है।
समय पर कूड़ा उठाया जाता है कि नहीं। आपके शहर में शौचालय की क्या व्यवस्था है। नगर पालिका में साफ-सफाई के लिए सफाई से जुड़े संसाधनों के इंतजाम हैं कि नहीं। लोगों से फीडबैक लेने के बाद स्वच्छता सर्वेक्षण रैंकिंग जारी की गई। वर्ष 2020 में जारी हुए स्वच्छता सर्वेक्षण रिपोर्ट से इस बार आई रैंकिंग में जबरदस्त सुुधार हुआ है।
अभी और मेहनत करने की जरूरत
गोरा बाजार के सभासद संजय सिंह, इंदिरा नगर की सभासद पूनम तिवारी और सत्य नगर मोहल्ले के सभासद अजीत बारी का कहना है कि लगातार हम लोग शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए काम कर रहे हैं। मोहल्लों में स्वयं मौजूद रहकर साफ-सफाई का कार्य कराते हैं। साथ ही लोगों को जागरूक करते हैं। हर घर में प्रसाधन की व्यवस्था करा रहे हैं। हालांकि सफाई के मामले में और मेहनत करने की जरूरत है।
यह हम सबके लिए एक बड़ी उपलब्धि है और सभी शहरवासी बधाई के पात्र हैं। हमारा प्रयास और लोगों का सहयोग का नतीजा है कि सफाई के मामले में हमारी रैंकिंग में सुधार हुआ। शहर को साफ सुथरा बनाने के लिए आगे भी और ठोस कदम उठाए जाएंगे, ताकि हमारी रैंकिंग में और सुधार हो सके।
पूर्णिमा श्रीवास्तव, पालिकाध्यक्ष
रायबरेली शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए पालिका की ओर से ठोस कदम उठाए गए। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन योजना चलाई गई। मोहल्लों से लेकर शहर के प्रमुख चौराहों पर सामुदायिक शौचालय बनवाए गए हैं। सई नदी को साफ सुथरा बनाने के लिए एक कार्ययोजना तैयार की गई है। प्रयास होगा कि अगले साल हम स्वच्छता के मामले में यूपी में नंबर वन हों।
डॉ.आशीष सिंह, ईओ, नगर पालिका परिषद, रायबरेली