महराजगंज (रायबरेली)। कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की पांच सदस्य टीम ने रविवार को जवाहर नवोदय विद्यालय बावन बुजुर्ग बल्ला पहुंचकर 141 छात्र-छात्राओं का आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए नमूना लिया।
विद्यालय में छात्र-छात्राओं की संख्या 560 है, लेकिन मौजूद बच्चों का ही परीक्षण किया गया। नवोदय विद्यालय के प्राचार्य डॉ.अमरनाथ राय ने बताया कि सीएमओ के निर्देश पर पहुंची स्वास्थ्य टीम ने कक्षा 7, 8 व 10 के 141 बच्चों का सैंपल लिया।
12वीं के छात्र-छात्राओं को इस जांच अभियान से अलग रखा गया, क्योंकि इन छात्र-छात्राओं की सोमवार को परीक्षा है। शेष बचे बच्चों का आरटीपीसीआर जांच बाद में होगी।
उन्होंने बताया कि कक्षा 9 और 11 के छात्र-छात्राएं परीक्षा देकर घर जा चुके हैं। जैसे ही छात्र-छात्राओं की परिसर में वापसी होती है सभी की जांच कराई जाएगी। अध्यापक मनोज तिवारी, सपना सिंह, ओमप्रकाश, अर्चना यादव, जागृति शुक्ला ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का सहयोग किया।