रायबरेली। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज से संचालित समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी आदि (सामान्य/विशेष चयन) प्रारंभिक परीक्षा-2021 रविवार को जिले के 29 परीक्षा केंद्रों में कराई गई।
दो पालियों में हुई इस परीक्षा में 12356 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, जिसमें से 7040 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। बाकी 5316 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं आए।
हर केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए। सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ ही प्रशासन एवं पुलिस के अफसरों ने भ्रमण किया।
जिले में शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में 29 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया, जहां 12356 अभ्यर्थी आवंटित किए गए थे। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से सुबह 11.30 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2.30 बजे से 3.30 बजे तक कराई गई।
जिला प्रशासन से तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट हर परीक्षा केंद्र पर मुस्तैद रहे। दस सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने भी निर्धारित परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया।
परीक्षा केंद्रों के गेट पर तलाशी के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। हर केंद्र पर पुलिस बल तैनात रहा। एडीएम प्रशासन अमित कुमार ने बताया कि दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से कराई गई।
कठिन था पेपर, छूटे पसीने
प्रश्नपत्र देख ज्यादातर अभ्यर्थियों के पसीने छूट गए। कई सवाल उलझाने वाले थे, जिससे अभ्यर्थियों को उन्हें हल करने में मुश्किल हुई। हालांकि काफी अभ्यर्थियों के चेहरे पर खुशी भी झलकी।
मलिकमऊ निवासी संकल्प श्रीवास्तव, इसी शहर का रहने वाला शशिशेखर कहते हैं कि पेपर काफी कठिन था। हल करने में बहुत मुश्किल हो रही थी। जैसा सोचा था, वैसे सवाल नहीं आए।
अमेठी जिले के विकास सिंह ने कहा कि इतिहास और भूगोल के कुछ सवाल ही दिए गए। रीजनिंग के सवाल भी बहुत अधिक नहीं थे। बछरावां की प्रियंका और अमेठी की अनीता ने कहा कि पेपर अच्छा हुआ। सवाल मुश्किल जरूर थे, जिससे हल करने में समय लगा।