रायबरेली। कक्षा-9 एवं 11 में जिन छात्र-छात्राओं ने अब तक दाखिला नहीं लिया है, या फिर कक्षा 10 एवं 12 का बोर्ड परीक्षा फार्म भरने से छूट गए हैं, उन सभी के लिए राहत भरी खबर है। ऐसे छात्र-छात्राएं 20 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने आवेदन की तिथि बढ़ाते हुए नई समय सारिणी जारी कर दी है।
गत शैक्षिक सत्र में कक्षा 9 एवं 11 के लगभग ढाई हजार छात्र-छात्राओं ने इस सत्र में अब तक कक्षा 10 एवं 12 में दाखिला नहीं कराया है और न ही बोर्ड परीक्षा फार्म भरा है। दूसरी और हाईस्कूल की अंक सुधार परीक्षा देने वाले 589 छात्र-छात्राओं का दाखिला भी 11वीं में नहीं हो सका है। कक्षा 9-11 में अग्रिम पंजीकरण एवं कक्षा 10-12 के बोर्ड परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 8 नवंबर बीतने के बाद इन छात्र-छात्राओं की आगे की पढ़ाई को लेकर ऊहापोह की स्थिति थी, लेकिन यूपी बोर्ड ने अंतिम तिथि 20 नवंबर तक बढ़ाकर छात्र-छात्राओं को राहत देने का काम किया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने नई समय सारिणी जारी की है, जिसमें कक्षा-10 एवं 12 में संस्थागत छात्र-छात्राओं के प्रवेश एवं संस्थागत व व्यक्तिगत परीक्षा के आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 20 नवंबर तय की गई है। इसी तरह कक्षा-9 एवं 11 के छात्र-छात्राओं के प्रवेश व अग्रिम पंजीकरण की अंतिम तिथि भी 20 नवंबर निर्धारित की है। ऑनलाइन अपलोड किए गए छात्र-छात्राओं के विवरण की जांच और सुधार का मौका 20 से 24 नवंबर तक मिलेगा, लेकिन इस अवधि में कोई नया आवेदन अपलोड नहीं किया जा सकेगा।
कक्षा वार छात्र संख्या
कक्षा छात्र संख्या
9 35182
10 34342
11 27314
12 27196
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कक्षा 9 एवं 11 में प्रवेश व अग्रिम पंजीकरण तथा कक्षा 10 एवं 12 में परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 20 नवंबर तक बढ़ा दी है। इस संबंध में जारी की गई नवीन संशोधित समय सारिणी से सभी विद्यालयों को अवगत करा दिया गया है। - ओमकार राणा, डीआईओएस।