रायबरेली। डीएम माला श्रीवास्तव ने मंगलवार को शहर के दक्षिणी जहानाबाद, कहारों का अड्डा, अमृतनगर, बेलीगंज व झकरासी में भूखंडों के कराए गए बैनामों का स्थलीय निरीक्षण किया।
बेलीगंज की अंडर ग्राउंड दुकान पर मूल्यांकन सही पाया गया, लेकिन चार भूखंडों में 6.49 लाख से अधिक की स्टांप कमी पकड़ी। डीएम ने एआईजी (स्टांप) को मुकदमा कराकर क्रेताओं से वसूली कराने के आदेश दिए।
डीएम ने सबसे पहले दक्षिणी जहानाबाद के क्रेता अमित कुमार के व्यावसायिक भूखंड को देखा। क्रेता ने व्यवसायिक भूखंड को आवासीय प्रदर्शित कर कम स्टांप शुल्क अदा करके बैनामा कराया था।
भूखंड पर स्टांप शुल्क व निबंधन शुल्क में 1,99,690 रुपये की कमी पकड़ी। कहारों का अड्डा पर भी व्यावसायिक भूमि का आवासीय भूखंड दिखाकर बैनामा कराने का मामला पकड़ा।
मामले में क्रेता से 1,43,600 रुपये वसूली के आदेश दिए। अमृतनगर में तीन मंजिला गोदाम को व्यावसायिक दर पर मूल्यांकन कर स्टांप शुल्क अदा करने का मामला पकड़ा। मामले में 1,68,790 रुपये वसूली के आदेश दिए। झकरासी अकृषिक दर पर विद्यावती ने भूखंड खरीदा था।
निरीक्षण में 50 मीटर क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियां मिलने पर 1,37,760 रुपये वसूली के आदेश दिए। डीएम ने सहायक महानिरीक्षक (निबंधन) हरिश्चंद्र कुशवाहा को संबंधित क्रेताओं पर मुकदमा कराकर 6,49,840 रुपये की वसूली के आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार सदर डॉ. बृजेश कुमार आदि अधिकारी उपस्थित रहे।