ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में महिला पर तेजाब फेंकने के आरोपी को पुलिस ने शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक प्यार में रोड़ा बनने पर बेटी के प्रेमी ने ही महिला पर तेजाब फेंककर मारने का प्रयास किया था। वहीं जिला अस्पताल में महिला का इलाज चल रहा है और उसकी हालत में अब सुधार है।
ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र की एक महिला शुक्रवार रात कमरे में सो रही थी। इसी दौरान किसी ने दीवार के छेद से उस पर तेजाब से हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई थी।
आरोपी की धरपकड़ के लिए एसओजी प्रभारी अमरेश कुुुमार त्रिपाठी और कोतवाल शिवशंकर को लगाया गया था। पुलिस की पड़ताल में घटना का सच सामने आ गया और पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तेजाब से हमले में मामले में रामसांडा गांव निवासी सुमित शुक्ला को गिरफ्तार किया गया है। युवक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि महिला की बेटी से उसका प्रेम-प्रसंग चल रहा था। लेकिन युवती की मां बाधा बन रही थी। मां के डर से कुछ दिन से युवती बातचीत करने में आनाकानी कर रही थी।
शुक्रवार को प्रेमिका ने दोबारा फोन न करने की नसीहत दी थी। इसके बाद मां पर दबाव डालने के लिए उसने महिला पर तेजाब फेंका था। एसपी का कहना है कि आरोपी के अन्य कई महिलाओं से प्रेम-प्रसंग चलने की बात सामने आई है। उसे जेल भेज दिया गया है।