ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को प्रदेश सरकार के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख के काफिले से एक कार टकरा गई। हादसे में मंत्री बाल-बाल बच गए।
यह हादसा उस समय हुआ, जब राज्यमंत्री का काफिला एक बस को ओवरटेक कर रहा था। इससे नाराज राज्यमंत्री के साथियों ने बस व वैगनआर कार के ड्राइवर को खूब खरी-खोटी सुनाई। इससे आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने बस और कार चालक को हिरासत में ले लिया है।
मंगलवार सुबह प्रदेश के राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख लखनऊ से प्रयागराज जा रहे थे। ऊंचाहार में ओवरब्रिज से उतरते ही राज्यमंत्री के वाहन का ड्राइवर सामने से जा रही रोडवेज बस को ओवरटेक करने लगा।
इसी दौरान प्रयागराज से लखनऊ की ओर जा रही कार सामने आ गई। दोनों ड्राइवरों ने भिड़ंत होने से बचाने की कोशिश की, लेकिन मंत्री की गाड़ी के पिछले हिस्से में कार जाकर टकरा गई। मंत्री का काफिला रुका और मंत्री के साथ चल रहे लोगों ने बस व कार को रोक कर चालकों को फटकार लगानी शुरू कर दी। इससे वहां भीड़ लग गई।
सूचना पर पुलिस पहुंची तो राज्यमंत्री के काफिले में चल रहे लोगों ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया और आगे बढ़ गए। उधर, कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि राज्यमंत्री की गाड़ी से कार टकरा गई थी। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।