सतांव (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में बुधवार की रात ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से एक होमगार्ड की मौत हो गई, जबकि पीआरडी जवान घायल हो गया। जानकारी से परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के पहाड़पुर खेड़ा गांव निवासी होमगार्ड रमेश सिंह (57) और देदौर गांव निवासी पीआरडी जवान रामफेर (27) बुधवार रात गुरुबख्शगंज थाने से ड्यूटी करके बाइक पर सवार होकर घर जा रहे थे।
मलिक मऊ चौबारा के पास पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रमेश सिंह की मौत हो गई, जबकि रामफेर का इलाज चल रहा है। थानेदार बृजेश कुमार राय का कहना है कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।
सीएम की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी समेत पांच घायल
जगतपुर। लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को लखनऊ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित कार जगतपुर कस्बे के इशौर नाले के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में जा गिरी। इससे कार पर सवार सीएम की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी और उसके परिवार के लोग घायल हो गए।
सीएम सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी दुर्गादीन अपने परिवार के साथ पैतृक घर पूरे पतई थाना मऊ जिला चित्रकूट कार से जा रहे थे। तभी जगतपुर क्षेत्र के इशौर नाले पास कार अनियंत्रित हुई और नाले में जा गिरी। इससे कार में बैठे पुलिस कर्मी दुर्गादीन व उसकी पत्नी सुनीता, बेटा यश कुमार, बेटी पूजा व मोहिनी घायल हुईं। जानकारी होने पर आसपास के लोगों ने पहुंचकर घायलों को सीएचसी पहुंचाया। सुनीता, यश कुमार को सीएचसी से जिला अस्पताल भेजा गया।