जगतपुर (रायबरेली)। ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को साइकिल सवार दंपती को बेकाबू कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर मौत हो गई। आसपास के लोगों ने घायल पति को सीएचसी जगतपुर पहुंचाया। दोनों भदोखर के मनेहरू गांव दवा लेने जा रहे थे।
ऊंचाहार के जगदीशपुर गांव निवासी मुन्नी देवी (62) पति सज्जन के साथ साइकिल से दवा ले जा रही थी। तभी लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर बाबा के पुरवा के निकट साइकिल सवार दंपती को ऊंचाहार की तरफ से आ रहे कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी।
इससे मुन्नी मौके पर मौत हो गई, जबकि पति सज्जन घायल हो गया। उसे सीएचसी जगतपुर में भर्ती कराया गया। ऊंचाहार कोतवाल शिव शंकर सिंह ने बताया कि सूचना मिली है। चालक और वाहन को पकड़ लिया गया है।
बेकाबू कार ने साइकिल सवार किसान को रौंदा
बछरावां। कोतवाली क्षेत्र के बगाही गांव के पास मंगलवार सुबह महिला कार चालक ने साइकिल सवार किसान को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई।
जलालपुर निवासी रामदास (55) साइकिल से कन्नावा गांव स्थित अपने खेत देखने जा रहा था। तभी लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग बगाही के निकट लखनऊ की ओर से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि किसान की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के दो बेटे मनोज कुमार, संदीप कुमार समेत अन्य परिवारीजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। एसओ जगदीश यादव ने बताया कि चालक महिला को कार समेत हिरासत में लिया गया है। मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।