फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एनटीपीसी परियोजना में निर्माणाधीन क्रेशर से गिरकर श्रमिक की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
ऊंचाहार (रायबरेली)। एनटीपीसी परियोजना ऊंचाहार में बुधवार रात निर्माणाधीन क्रेशर से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद वहां मौजूद कंपनी के कर्मचारी मौके से भाग गए।
विज्ञापन

साथी मजदूरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। परिवारीजनों ने कंपनी कर्मचारियों पर दबाव बनाकर काम कराने का आरोप लगाया है।
पोस्टमार्टम के बाद परिवारीजनों और स्थानीय लोगों ने एनटीपीसी के मुख्य गेट के सामने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। जानकारी होने पर अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इससे जाम लग गया। तत्काल सहायता राशि दिलाकर कुछ ही देर में जाम खुलवाया।
ऊंचाहार के बहेरवा गांव निवासी मो. शमशाद (30) पुत्र मो. अमीन एनटीपीसी परियोजना में मजदूर था। बुधवार रात वह निर्माणाधीन क्रेशर में 70 फीट की ऊंचाई पर काम कर रहा था।
विज्ञापन

इस दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से श्रमिकों के अफरातफरी मच गई। आरोप है कि निर्माण में लगी कार्यदायी कंपनी के कर्मचारी घटना के बाद मौके से भाग निकले। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
निर्माणाधीन क्रेशर में मृतक के साथ काम कर रहे साथी मजदूर मो. इस्लाम ने बताया कि रात्रि में बिना परमीशन उसे जबरन काम पर लगाया गया था। वहां वेल्डिंग का काम चल रहा था। आरोप है कि सेफ्टी इंजीनियर उस समय मोबाइल में व्यस्त था। सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं दिया।
इस दौरान युवक स्थान बदलने लगा और सेफ्टी बेल्ट नहीं फंसा पाया। इससे वह नीचे गिर गया। मजदूर ने बताया कि घटना के बाद सभी कर्मचारी मौके से भाग गए थे। पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवारीजन शव को लेकर परियोजना के मुख्य गेट पर पहुंच गए और सड़क जाम कर दिया।
हंगामे की सूचना पर एसडीएम राजेश कुमार व कोतवाल शिवशंकर सिंह मौके पर पहुंचे और परिवारीजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिवारीजन मुआवजा दिलाने की मांग पर अड़े रहे। कुछ देर बाद सहायक श्रमायुक्त संतलाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एनटीपीसी के अधिकारियों से बात की।
अधिकारियों ने मृतक की पत्नी को दो लाख की आर्थिक सहायता दी। इसके बाद परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया। श्रम विभाग अधिकारियों ने लिखापढ़ी कर परिवारीजनों को लगभग 15 लाख रुपये की आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया है।
एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी रेशमा बानो को दो लाख रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता दिलाई गई है। श्रम विभाग ने आर्थिक सहायता देने के लिए आश्वासन दिया है।
उधर, एनटीपीसी परियोजना ऊंचाहार की जनसंपर्क अधिकारी कोमल शर्मा ने बताया कि सुरक्षा मानकों में चूक की जांच कराई जा रही है। मृतक के परिवारीजनों को आर्थिक सहायता दिलाई गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें