दो थाना क्षेत्रों में गुरुवार को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पलटने से चार महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 44 श्रद्धालु घायल हुए। इसमें से 25 की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दोनों हादसे चालकों के वाहन तेज भगाने और ओवरटेक के प्रयास में हुए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के बसंतपुर मजरे सेमरौता गांव से दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में लोग सवार होकर सुबह आस्तीक देव मंदिर हरचंदपुर दर्शन करने जा रहे थे। एक ट्रैक्टर गांव के प्रधान और दूसरा गांव के मनीराम का था। प्रधान का ट्रैक्टर पहले चला गया। इस पर दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने गाड़ी तेज भगाकर प्रधान के ट्रैक्टर का पीछा करने का प्रयास किया। इन्हौंना रोड पर कुंडा मजरे सिरसा गांव के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन में करीब 35 श्रद्धालु सवार थे। इसमें करीब 20 श्रद्धालु घायल हुए। सूचना पर पुलिस पहुंची और एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी महराजगंज पहुंचाया।
इलाज के दौरान शिव कुमारी (40) पत्नी श्रीपाल, सीतावती (40) पत्नी दयाराम ने दम तोड़ दिया। मामूली रूप से चोटिल लोगों को मरहम पट्टी के बाद छुट्टी दे दी गई। गंभीर रूप से घायल राजपती (70) पत्नी रघुराज और शीतला देवी (60), जग प्रसाद (40), राजकुमारी (50), माधुरी (10), धनपता (50), कप्तान सिंह (30), श्यामलाल (30), चंद्रवती (40), रामसुमिरन (65), रामदुलारी (60) को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान राजपती की भी मौत हो गई। महराजगंज कोतवाली प्रभारी केआर वेदवान ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। चालक की तलाश की जा रही है।
दूसरी घटना भी अमेठी में हुई। यहां के जामो थाना क्षेत्र के हरिदासपुर कटारी और पूरे गोपाल शुक्लन गांव से दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से लोग सुबह गंगा स्नान करने डलमऊ गंगाघाट गए थे। स्नान के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से सभी वापस लौट रहे थे। फुरसतगंज थाना क्षेत्र के रायबरेली-सुल्तानपुर राजमार्ग पर पूरे मरदान मजरे निगोहा गांव के पास ओवरटेक के प्रयास में हरिदासपुर गांव की ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क के बीचोंबीच पलट गई, जबकि पूरे गोपाल शुक्लन गांव की ट्रैक्टर-ट्रॉली खड्ड में जा गिरी।
हादसे में हरदासपुर गांव की ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार 20 श्रद्धालु घायल हो गए। इसमें से गंभीर रूप से घायल रामकेश (45), शांती (48), चंद्र कुमार (35), श्रीमती केशव (40), सूर्य प्रसाद (35), प्रेमचंद्र (35), आशा (30), रमराजा (60), प्रदीप (25), शांती (50), श्यामपती (50), स्वीटी (12), टीनू यादव (50) और रमपता (60) को जिला अस्पताल भेजा गया। इसमें शांती पत्नी रामपाल की देर शाम मौत हो गई। पूरे गोपाल शुक्लन गांव की ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार रीता, ममता, राजाराम, छेदीलाल, रामदेव को मामूली चोटें आई। घटना की सूचना पाकर फुरसतगंज थानेदार जेएल सोनकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बीच सड़क से ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटवाया। एसओ का कहना है कि चालक फरार है। तलाश की जा रही है।