रायबरेली। सावन माह के दूसरे सोमवार को भोर से ही घंटे-घड़ियाल बजने लगे। शिवालयों में हर-हर महादेव गूंजने लगा। सुबह होते-होते जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। बुुजुर्ग, महिलाएं, युवा और बच्चों में खूब उत्साह दिखा और सभी ने बारी-बारी से मंदिरों में जलाभिषेक करके विधिवत पूजा-अर्चना की।
महिलाओं ने व्रत भी रखा। दूध, दही व जल से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। बेलपत्र, भांग, धतूरा व पुष्प चढ़ाया। सबने शिव शंभू से अपने परिवार की उन्नति, सुख-समृद्धि व पति की दीर्घायु के लिए आशीर्वाद मांगा।
शहर के श्री मलिकेश्वर महादेव मंदिर मलिकमऊ, डिग्री कॉलेज चौराहा स्थित पहलवान वीर बाबा शिव मंदिर, जय महाकाल महाकालेश्वर मंदिर इंदिरा नगर, चंदापुर कोठी स्थित गमोहनेश्वर महादेव मंदिर में भोर से ही जलाभिषेक करने के लिए भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह तक भक्तों की लंबी लाइन लगी दिखी। सभी ने बारी-बारी से मंदिरों में पहुंचकर जलाभिषेक किया। इस दौरान बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।
सलोन प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र के शिव मंदिरों में भक्तों ने भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। सरेनी प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लॉक के सोहेलेस्वर, शिव गोपालेश्वर मंदिर, झारखंडेश्वर, नर्मदेश्वर मंदिर में भक्तों ने पूजा-अर्चना के साथ जलाभिषेक किया। खीरों प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र के श्री तालेश्वर बाबा मंदिर मथुरा खेड़ा, गहिरेश्वर मंदिर गहिरी, फटहेश्वर मंदिर अतरहर, शंभूनाथ मंदिर बरमनखेड़ा, बनखंडेश्वर मंदिर पाहो में भक्तों ने जलाभिषेक किया।
बछरावां प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र के शिव मंदिरों में भक्तों ने जलाभिषेक किया। ऊंचाहार प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र के गंगातट स्थित स्वयंभू शिवलिंग नाथ बाबा बादशाहपुर, गौरीशंकर मंदिर बड़ा गांव, कस्बा स्थित महादेवन मंदिर, मिर्जापुर ऐहारी के बूनाथ बाबा, जमुनापुर में बाबा बल्दीदास की कुटी शिव मंदिर समेत अन्य शिवालयों में भक्तों ने जलाभिषेक किया।
अमेठी जिले के सिंहपुर ब्लॉक क्षेत्र के प्रसिद्ध शिव मंदिर बाबा दतहरेश्वर धाम रामपुर पंवारा, बाबा रत्नेश्वर महादेव मंदिर इन्हौना, पंहौंना में बाबा झारखंडेश्वर महादेव, तिलोई ब्लॉक के सेमरौता में बाबा आनंदेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों ने जलाभिषेक किया।