रायबरेली। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शनिवार को स्मार्टफोन और टैबलेट पाते ही छात्र-छात्राओं की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। रायबरेली जिले के 200 छात्र-छात्राओं को योजना से लाभान्वित किया गया। इस जिले के तीन महाविद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं को चार बसों से लखनऊ ले जाया गया था।
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्मार्टफोन और टैबलेट वितरण का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जिलों से स्नातक, परास्नातक अन्य पाठ्यक्रमों से जुड़े विद्यार्थियों को बुलाया गया था।
रायबरेली जिले के तीन महाविद्यालयों के 200 छात्र-छात्राओं ने लखनऊ के कार्यक्रम में शिरकत की थी। इसमें डॉ. आंबेडकर पीजी कॉलेज, ऊंचाहार से 100, फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज से 50 और इंदिरा गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय से 50 विद्यार्थी शामिल थे।
इन सभी को चार बसों से लखनऊ ले जाया गया था। डीआईओएस ने बताया कि इकाना स्टेडियम में 156 छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन, बाकी 44 विद्यार्थियों को टैबलेट मिले।
यूपी बोर्ड के टॉपर को आज मिलेगा सम्मानित
रायबरेली। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2020 में हुई बोर्ड परीक्षा के टॉपर अब सम्मान से नवाजे जाएंगे। इसके लिए 27 दिसंबर को कलेक्ट्रेट के बचत भवन सभागार में कार्यक्रम होगा। इसमें वर्ष 2020 की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा के टॉप-10 विद्यार्थियों को लैपटॉप बांटे जाएंगे।
राज्य स्तरीय वरीयता सूची में शामिल दो परीक्षार्थियों को एक-एक लाख तो 19 विद्यार्थियों को 21-21 हजार रुपये भी दिए जाएंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।