शान से लहराया तिरंगा, याद किए गए शहीद
रायबरेली। गणतंत्र दिवस पर शुक्रवार को सरकारी कार्यालयों व शैक्षिक संस्थाओं में ध्वजारोहण किया गया। जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन भी किए गए।
कलेक्ट्रेट में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया गया। मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइंस में आयोजित किया गया।
यहां परेड देखने वालों की काफी भीड़ रही। डीएम संजय कुमार खत्री ने परेड की सलामी ली। उन्होंने 7 जनवरी 1921 को शहीद हुए किसानों को याद किया। कहा कि देश की आजादी में कायम रखना हमारा कर्तव्य है।
पुलिस लाइंस में ध्वजारोहण के बाद परेड हुई और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। परेड में प्लाटून नंबर एक को पहला, आईबीपी के जवानों को दूसरा तथा प्लाटून नंबर तीन को तीसरा स्थान मिला।
कार्यक्त्रस्म में न्यायाधीश विनोद श्रीवास्तव, बछरावां विधायक रामनरेश रावत, सरेनी विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, सीडीओ राकेश कुमार आदि उपस्थित रहे।
इसके पहले डीएम ने कलेक्ट्रेट में भी ध्वजारोहण किया और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को फूलमाला एवं शाल पहनाकर सम्मानित किया।
प्रशासनिक अधिकारी अवधेश शर्मा ने स्वरचित गीत ‘सृजन के गीत गाता चल’ सुनाया। सीडीओ राकेश कुमार ने विकास भवन में ध्वजारोहण किया। महात्मा गांधी सभागार में विचार गोष्ठी हुई।
न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल इंटरमीडिएट कालेज में प्रबंधक शशिकांत शर्मा ने, दयावदी मोदी पब्लिक स्कूल में डायरेक्टर श्रीमती सिद्धू ने और गुुरुनानक जूनियर हाईस्कूल में अवतार सिंह छाबड़ा ने ध्वजारोहण किया।