रायबरेली। जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के रिक्त कार्यकर्ता, सहायिका और मिनी कार्यकर्ता के 859 पदों के लिए ऑनलाइन किए गए आवेदनों में से 1523 आवेदन अपने आप निरस्त हो गए हैं। जांच में अधूरे पाए गए आवेदन निरस्त होने के बाद 11,008 आवेदनों का डाटा अपलोड किया जा रहा है। जल्द ही चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जिले में 2833 आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यकर्ता के 334 और सहायिकाओं के 506 पद रिक्त हैं। इसके अलावा मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों के भी 19 पद खाली हैं। पर्याप्त स्टाफ न होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों, गर्भवती और किशोरियों को बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। शासन की मंशा पर खाली पदों को भरने के आदेश दिए गए हैं। सभी 859 पदों को भरने के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी पदों के 12,531 लोगों के आवेदन मिले।
ऑनलाइन आवेदन करने के दौरान सभी कॉलम न भरे जाने के कारण 1523 आवेदन अपने आप निरस्त हो गए हैं। शेष 11008 आवेदन का ऑनलाइन डाटा अपलोड करने का काम शुरू हो गया है। जल्द ही यह काम पूरा होने के बाद संबंधित समिति भर्ती प्रक्रिया पूरी कराएगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद त्रिपाठी ने बताया कि 859 पदों के लिए 12,531 ऑनलाइन आवेदन किए गए थे, इनमें से 1523 आवेदन अधूरे होने के कारण निरस्त हो गए हैं।