रायबरेली। सलोन कोतवाली पुलिस और एसओजी ने सोमवार रात मुठभेड़ में 11 बदमाशों को गिरफ्तार लिया। इस दौरान दोनों तरफ से जवाबी फायरिंग हुई।
पकड़े गए बदमाशों में नौ लुटेरे प्रतापगढ़ जिले के रहने वाले हैं। इन सभी के पास से असलहे और लूट की घटना में इस्तेमाल वाहन व बाइक बरामद हुई है। पूछताछ में सलोन कोतवाली क्षेत्र में हुई लूट की घटनाओं का पर्दाफाश हुआ है।
अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार रात सूचना मिली कि सलोन क्षेत्र में बंद पड़ी वेस्पा फैक्टरी के पास कुछ बदमाश छिपे हैं और लूट की घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।
इस पर सलोन कोतवाल संजय त्यागी, एसओजी प्रभारी अमरेश कुमार त्रिपाठी ने पुलिस टीम के साथ छापा मारा। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की ओर से भी जवाबी फायरिंग हुई।
एएसपी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान प्रतापगढ़ जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के कुरैशी का पुरवा मजरे राहटीकर गांव निवासी बाबी उर्फ शाकिर, लालगंज अझारा थाना क्षेत्र के रामपुर बवली गांव निवासी मूसा खान, उमदपुर गांव निवासी संदीप उर्फ कुलदीप तिवारी, बाभन की बकरी नरहई गांव निवासी राजेश शुक्ला, खैरा पूरे छेमी गांव निवासी वृंदावन मिश्रा, बीर सिंह भूम भूरी गांव निवासी जसवीर यादव, महेशगंज थाना क्षेत्र के गोसाई का पुरवा मजरे सुल्तानपुर गांव निवासी राजेश यादव, मंगल यादव, सत्यम यादव, लखनऊ जिले के आलमबाग कोतवाली क्षेत्र के हरिओम नगर निवासी स्वतंत्र कुमार, रायबरेली जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र के संदीराम गांव निवासी प्रदीप पासी को पकड़ा गया है। इसमें से बाबी की गिरफ्तारी पर 25 हजार का ईनाम था।
बदमाशों के पास से चार तमंचे, लूटे गए 4850 रुपये बरामद हुए हैं। पकड़े गए अपराधियों के खिलाफ कई आपराधिक मुकदमा दर्ज है। उन्होंने बताया कि एसपी श्लोक कुमार ने पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का ईनाम देने की बात कही है।
बाबी उर्फ शाकिर गैंग का सरगना
एएसपी ने बताया कि पकड़ा गया बाबी उर्फ शाकिर गैंग का सरगना है। पूछताछ में बाबी ने बताया कि 17 नवंबर को उसने सलोन में वीरभान पुलिया के पास अपने साथी मोनूू, पिंकू तथा गोलू के साथ स्कूटी सवार दो व्यक्तियों के साथ लूट की की थी। 31 नवंबर को सलोन ब्लॉक परिसर में एक घर से 30 हजार रुपये उड़ाए थे। 22 दिसंबर को रसूलपुर गांव में एक दुकान का ताला तोड़कर दुकान से हजारों रुपये का सामान पार कर दिया था।
अमेठी के एक मंदिर में दबा खजाना लूटने का था इरादा
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में गैंग के सरगना बाबी ने बताया कि उसे जानकारी मिली थी कि अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के कोटवागंज बाजार स्थित एक मंदिर के नीचे लाखों की कीमत का खजाना दबा है। हम लोग मंदिर के नीचे दबे खजाना को निकालने की साजिश रच रहे थे। इससे पहले ही पुलिस ने दबोच लिया।