फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी में बवाल, कई बार पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज

Tue, 09 Jul 2013 01:18 AM IST
मिर्जापुर/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर में पटेहरा पुलिस चौकी में सोमवार की शाम एक युवक की हिरासत में मौत हो गई। हिरासत में युवक की मौत की खबर आग की तरह गांव में फैल गई। गुस्साए ग्रामीण पटेहरा पुलिस चौकी को देर रात तक घेरे और पथराव करते रहे। ग्रामीणों ने पुलिस और पीएसी के तीन वाहनों को पत्थर मारकर तोड़ दिया।
विज्ञापन


ग्रामीणों का कहना था कि यदि पुलिस ने रविवार को ही मामला सुलझा दिया होता या युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज देती तो यह दुखद घटना नहीं होती।

गुस्साए ग्रामीणों पर पुलिस को कई बार लाठीचार्ज करना पड़ा। देर रात समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण रुक-रुककर पथराव करते रहे। इस दौरान पटेहरा पुलिस चौकी छावनी में तब्दील हो गई थी।

मौके पर कई उच्चाधिकारी, कई थानों की फोर्स और पीएसी के जवान लगे थे। उधर, देर रात पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र पांडेय ने लापरवाही के आरोप में पटेहरा चौकी इंचार्ज राजाराम यादव और सिपाही बरीसन को निलंबित कर दिया।  
विज्ञापन


लगा भारी जाम
मड़िहान। पटेहरा चौकी रोड पर प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। साथ ही रोड से सबसे अधिक डग्गामार वाहनों का गुजरना होता है। शाम से ही चौकी के छावनी में तब्दील होने के कारण रास्ता जाम हो गया। इससे राहगीरों को भारी परेशानियां उठानी पड़ीं।

पुलिस की दबंगई है यह : विधायक
मड़िहान विधायक ललितेशपति त्रिपाठी ने घटना की घोर निंदा करते हुए इसे पुलिस की दबंगई बताया है। कहा कि इस घटना से पुलिस की संवेदनहीनता की पोल पूरी तरह से खुल गई है। पुलिस किस तरह आम जनता को हिरासत में लेकर पिटाई करती है यह सोमवार की शाम हुए महेश की मौत से पता चलता है।

दोषियों पर की जाएगी कार्रवाई : एएसपी
अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सल) अवधेश पांडेय ने कहा कि मौत चौकी परिसर में हुई है, इसलिए अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। इसमें जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

दुखी पिता ने लगाई नदी में छलांग
पुलिस हिरासत में महेश की मौत की खबर सुनते ही पिता रघुनाथ कोल के दुख का पारावार न रहा। उसने घर के पास स्थित बकहर नदी में जाकर छलांग लगा दी। पिता द्वारा नदी में छलांग लगाने की खबर लगते ही ग्रामीण एकत्रित हो गए और उसे बचाने का प्रयास करने लगे। देर रात तक उसकी तलाश जारी थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें