भांजे के निधन की खबर मिलने के बाद बाइक से बहन के घर जा रहे युवक की हादसे में मौत हो गई। जबकि बाइक सवार भाई समेत दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजन शव लेकर घर चले गए। मानधाता थाना क्षेत्र के खरगीपुर निवासी अमृतलाल (50) की बहन का घर अंतू थाना क्षेत्र के बेहड़ा में है। मंगलवार की रात भांजे के निधन की खबर मिलने पर परिवार के लोग गमगीन हो गए।
बुधवार भोर में अमृतलाल अपने भाई रामसजीवन शर्मा (35) व मकान में किराये पर रहने वाले फेरीवाले के साथ बाइक से घर जा रहे थे। तीनों बाइक से नगर कोतवाली के कटरा चौराहे पर पहुंचे तभी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने रामसजीवन को मृत घोषित कर दिया।
अमृतलाल की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। जबकि फेरीवाले को मामूूली चोटें आई थीं। सूचना मिलने के बाद पहुंचे परिजन शव लेकर घर चले गए। मृतक का एक बेटा मनोज कुमार शर्मा व बेटी ऊषा शर्मा हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। रामसजीवन पर ही परिवार के पालन-पोषण की जिम्मेदारी थी।