कुएं से ईंट निकालने के दौरान दीवार गिरने से मलबे में एक घंटे तक मजदूर दबा रहा। जेसीबी की मदद से एक घंटे में मलबा हटा। हैरत की बात यह रही कि मजदूर जिंदा निकला। चोटिल मजदूर को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
पट्टी क्षेत्र के सदहा गांव का राकेश वर्मा (35) शनिवार की शाम 12 फिट गहरे पुराने कुएं से ईंट निकाल रहा था। बगल से मिट्टी ढह जाने से वह उसी में दब गया। परिजनों की चीख पुकार सुनकर मौके पर ग्रामीण पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से जेसीबी मशीन बुलाई गई। जेसीबी से कुंए से मिट्टी निकालकर बाहर कराई गई।
इसके बाद राकेश को बाहर निकाला गया। मिट्टी के मलबे में दबे युवक को देख लोग जयकारा लगाने लगे। लोगों आश्चर्य चकित रहे कि इतने नीचे जमीन में दबा युवक की सांसें चल रहीं हैं। युवक के पीठ पर खुदाई के समय जेसीबी मशीन से थोड़ा खरोच भी लग गई। बाद में उसे इलाज के लिए सीएससी भेजा गया। कुछ देर बाद उसे घर भेज दिया गया।