रानीगंज थाना क्षेत्र के लच्छीपुर में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक मरीज को खाना देकर अस्पताल से लौट रहे थे। वह कुछ दिन पहले ही शादी समारोह में हिस्सा लेने के लिए पुणे से गांव आए थे। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को पंचानामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कन्धई क्षेत्र के रखहा गांव निवासी ऋषिकेश सिंह (27) पुत्र लक्ष्मी नारायण सिंह गांव के ही शेखर सिंह (25) पुत्र छेदीलाल सिंह के साथ चाचा के लड़के को खाना पहुंचाने शनिवार को रानीगंज क्षेत्र के दुर्गागंज स्थित अस्पताल गया था।
अस्पताल से लौटते समय रात करीब 10 बजे रानीगंज थाना क्षेत्र के लच्क्षीपुर स्थित साई इंटर कॉलेज के सामने पट्टी से रानीगंज की ओर जा रहे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऋषिकेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घायल अवस्था में शेखर सिंह को जिला मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हालत नाजुक होने पर उसे एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।