अयोध्या से भगवान रामलला का दर्शन कर लौटते समय गंभीर हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार के पेड़ से टकराकर एक घर में घुस जाने से दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार माता पिता समेत चार लोग घायल हो गए। इसमें तीन की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
लालगंज कोतवाली के करनराय पूरेजोधा निवासी रवीश श्रीवास्तव (37) अपनी पत्नी प्रीति (35), पुत्री शिवि (4) और एक माह के दुधमुंहे पुत्र बाबू, भाई प्रकाश श्रीवास्तव (32) और नगर कोतवाली के टेंउगा निवासी अंकुर श्रीवास्तव (34) के साथ शुक्रवार को निजी कार से अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर दर्शन करने गए थे।
घर वापस लौटते समय रात दो बजे लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर लालगंज में संगम चौराहे के समीप कर चला रहे रवीश को नींद आ गई। जिससे कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराती हुई एक घर में जा घुसी। हादसे में बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई और कार सवार सभी श्रद्धालु घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल अंकुर, प्रकाश व प्रीती को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है।