There will be no change in reservation of wards, 90 objections rejected
नगरपालिका परिषद और 18 टाउन एरिया के वार्डों के आरक्षण में आपत्ति दाखिल कर चुनाव लड़ने का सपना देखने वाले दावेदारों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। डीएम डॉ. नितिन बंसल ने दाखिल 90 आपत्तियों को खारिज करते हुए नपा और टाउन एरिया के सभी आरक्षित वार्डों को यथावत रखा है।
जिले में नगर निकाय चुनाव के लिए चेयरमैन और सभासदों के पद के लिए आरक्षण जारी हो चुका है। वार्डों के आरक्षण की आपत्तियों का निस्तारण कर दिया गया है। वार्डों की अनंतिम आरक्षण सूची जारी होने के बाद आम लोगों से आपत्तियां मांगी गई थी। नगर पालिका परिषद के आठ वार्डों समेत नगर पंचायतों के वार्डों से कुल 90 लोगों ने आबादी व जातियों को आधार बनाकर आपत्तियां दाखिल की थी।
आखिरी दिन प्राप्त आपत्तियों को जिला निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में निस्तारित कराया गया। अनंतिम आरक्षण सूची पर सवाल उठाते हुए आपत्तियां दाखिल करने वालों की आपत्तियों को यह कहते हुए खारिज कर दिया गया कि उनकी शिकायतें आधारहीन हैं।
शिकायतों का जिला स्तरीय अधिकारियों की टीम लगातार परीक्षण कर रही थी। अब अनंतिम आरक्षण को ही अंतिम आरक्षण माना जाएगा। अपर जिलाधिकारी त्रिभुवन विश्वकर्मा ने बताया कि वार्डों के लिए आईं आपत्तियों को निस्तारित कर दिया गया है। सभी आपत्तियां आधारहीन थीं।