तीन दिन पहले मारपीट में घायल महिला ने दम तोड़ दिया। शिकायत के बाद भी पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। इससे आक्रोशित परिजन पुलिस पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। पांच घंटे बाद एसडीएम के आश्वासन पर परिजनों ने पुलिस को शव कब्जे में लेने दिया। इधर, हरकत में आई पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बाद एक आरोपी को हिरासत में ले लिया।
कोहड़ौर थाना क्षेत्र के धरौली मुफरिद निवासी रामचंद्र वर्मा और राजेंद्र वर्मा के बीच जमीन को लेेकर विवाद है। जमीन पर कब्जा करने को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो चुकी है। रामचंद्र ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को उनके परिवार की एक लड़की के साथ विपक्षी राजेंद्र का बेटा छेड़खानी करने लगा।
विरोध करने पर लाठी व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। मारपीट में रामचंद्र की तरफ से रामलाल, रामलाल की पत्नी द्रौपदी (60), बेटी खुशी, कोमल, खुशबू व प्रीति और राजेंद्र की तरफ से हरिश्चंद्र की पत्नी गुड़िया, बेटी मानसी व निक्की तथा सच्चेलाल की पत्नी प्रमिला घायल हो गईं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का इलाज कराकर घर भेज दिया। शनिवार की रात करीब डेढ़ बजे द्रौपदी की हालत फिर बिगड़ी तो परिजन कोहड़ौर सीएचसी ले गए। जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां भी हालत में सुधार नहीं हुआ तो रविवार सुबह प्रयागराज रेफर कर दिया गया। रास्ते में द्रौपदी की मौत हो गई।
जिस पर रोते-बिलखते परिजन शव लेकर घर चले आए और पुलिस पर लीपापोती का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। लोगों का कहना था कि तीन दिन पहले हुई मारपीट की घटना में मुकदमा दर्ज करने के लिए पुलिसकर्मी रिश्वत मांग रहे थे। हंगामे की सूचना पर सीओ सिटी अभय पांडेय मौके पर पहुंचे।
परिजन उनकी बात सुनने के लिए तैयार नहीं थे। वे जिलाधिकारी के आने के बाद ही शव पोस्टमार्टम के लिए देने की बात कर रहे थे। जानकारी मिलने पर एसडीएम पट्टी देशदीपक व सीओ सिटी अभय पांडेय फिर मृतका के घर पहुंचे। एसडीएम ने जमीन का विवाद निपटाने के लिए टीम गठित करने व सीओ सिटी ने एफआईआर दर्ज कराकर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। करीब पांच घंटे बाद पुलिस मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी।
कोहड़ौर पुलिस ने राजेंद्र, उसके बेटे अजय, हरिश्चंद्र, हरिश्चंद्र की पत्नी गुड़िया व मुन्नालाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। मृतका के परिवार के लोगों द्वारा पुलिसकर्मियों पर जो आरोप लगाए जा रहे हैं, उनकी जांच कराई जाएगी।
मृतक द्रौपदी वर्मा। संवाद- फोटो : PRATAPGARH