जेठवारा। दस हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगाकर एसपी से शिकायत किए जाने से नाराज दरोगा ने महिला और उसके परिजनों को कमरे में बंद करने के बाद गंगाजल उठवाया। इस घटना का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ऑडियो में आरोपी डेरवा चौकी इंचार्ज बताए जा रहे दरोगा गालियां देते हुए सुनाई पड़ रहा है। इस मामले के सामने आने के बाद जेठवारा पुलिस की फजीहत हो रही है। मामले को संज्ञान में लेकर पुलिस के उच्च अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।
जेठवारा इलाके के सरायइंद्रावत गांव निवासी सूरजकली ने 20 मई को एसपी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि उसके देवर गोपीचंद्र व जेठ पारसनाथ और रामआसरे को डेरवा पुलिस चौकी के पुलिसकर्मियों ने हरा पेड़ काटने के आरोप में हिरासत में लिया था। पड़ोसियों की शिकायत पर पुलिसकर्मियों ने गलत आरोप पर तीनों को पकड़ा था। उन्हें छोड़ने के लिए पुलिस चौकी के दरोगा ने दस हजार रुपये घूस लिए थे। एसपी ने सीओ सदर व जेठवारा एसओ को मामले की जांच की जिम्मेदारी दी थी। शनिवार को इस घटना से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होता रहा। ऑडियो पर एक गालीगलौज करते हुए सूरजकली और उसके परिवारवालों से गंगाजल उठाने की बात कह रहा है। आरोपी डेरवा चौकी का प्रभारी दरोगा बताया जा रहा है।