पट्टी में ट्रक की टक्कर से टूटा बिजली का पोल। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
कोतवाली गेट के समीप विद्यालय जा रही साइकिल सवार छात्रा को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित ट्रक विद्युत पोल से टकरा गया। जिस वजह से विद्युत तारों में तेजी से स्पार्किंग होने लगी। चिंगारी निकलने से आसपास के लोग भागने लगे। कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। इस बीच कुछ लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। दुर्घटना में विद्युत पोल व तार टूट जाने के कारण आधे कस्बे में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे गिट्टी लदा एक ट्रक चांदा की तरफ जा रहा था। कोतवाली गेट के समीप अचानक ट्रक के सामने साइकिल सवार छात्रा आ गई। उसे बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गया। हादसे के बाद तारों के आपस में टकराने से चिंगारी निकलने लगी। लोगों ने ट्रक चालक की पिटाई शुरू कर दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीएम धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचित कर आपूर्ति बंद कराई। ट्रक चालक राजेंद्र प्रसाद निवासी डाडी थाना महेवा जनपद कौशांबी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हालांक िबाद में दुर्घटना की सूचना पर पहुंचे ट्रक मालिक द्वारा मरम्मत का पैसा विद्युत विभाग को अदा किए जाने के बाद पुलिस ने ट्रक और चालक को छोड़ दिया।