सड़क हादसे में मृत उदय यादव। फाइल फोटो
- फोटो : PRATAPGARH
प्रयागराज के शांतिपुरम में निर्माणाधीन मकान के लिए शटरिंग का सामान गिराकर लौट रहे मैजिक डाला चालक समेत दो लोगों की हादसे में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पूरे गांव में मातम का माहौल व्याप्त हो गया। जबकि हादसे में घायल मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है।
मानधाता थाना क्षेत्र के दिवैनी जद्दूपुर निवासी नंदलाल यादव शांतिपुरम में अपना घर बनवा रहे हैं। मंगलवार को शटरिंग का सामान लेकर गांव से मैजिक डाला शांतिपुरम गई थी। वहां सामान उतारने के बाद रात में डाला लेकर चालक संदीप कुमार (30) निवासी दिवैनी घर लौट रहा था। उसके साथ गांव का ही उदयराज यादव (22) व पप्पू यादव (36) भी थे। प्रयागराज के हरिसेनगंज के करीब सामने से आ रहे ट्रक ने मैजिक डाला में टक्कर मार दी।
घटना के बाद ट्रक लेकर चालक भाग निकला। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे क्षेत्र पंचायत सदस्य कलीम ने सभी घायलों को उपचार के लिए एसआरएन भेजा। जहां डाक्टरों ने चालक संदीप और उदयराज को मृत घोषित कर दिया। मजदूर पप्पू की हालत गंभीर देख उसका उपचार चल रहा है। दोनों के मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। देर शाम शव पहुंचते ही दोनों के परिजन रोने बिलखने लगे।
बुझ गया घर का चिराग
मानधाता के दिवैनी निवासी नंदलाल का इकलौता बेटा उदयराज मेहनत मजदूरी कर परिवार का गुजर बसर करता था। परिवार की माली हालत ठीक न होने के कारण वह कुछ सालों से मेहनत मजदूरी करने लगा था। जिससे उसके परिवार का खर्च चलता था। इकलौते बेटे के मौत की खबर मिलने के बाद नंदलाल व परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।
सड़क हादसे में मृत संदीप कुमार। फाइल फोटो- फोटो : PRATAPGARH