कालाकांकर के अंधरीपुर स्थित गोशाला में फैली अव्यवस्था। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
जिलाधिकारी के कई बार निर्देश देने के बाद भी गोशाला के हालात सुधर नहीं रहे हैं। गोशालाओं के प्रति अफसर उदासीन बने हुए हैं। इससे गोशाला में रहने वाले मवेशी भूख से तड़पकर इलाज के अभाव में दम तोड़ रहे हैं।
कालाकांकर विकास क्षेत्र के अंधरीपुर आदलाबाद में स्थित गोशाला में 90 मवेशी हैं। यहां पर मवेशी पर्याप्त भोजन व इलाज के अभाव में दम तोड़ रहे हैं। कई बार शिकायत के बाद भी अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। मवेशियों की देखरेख के लिए यहां पर चार चौकीदार रखे गए हैं। इसके बाद भी जानवरों को समय से न चारा मिल पा रहा और न ही उनके इलाज की समुचित व्यवस्था ही है। चौकीदार ने बताया बीते एक सप्ताह से डॉक्टर को बार-बार फोन किया जा रहा है, लेकिन वह नहीं आ रहे हैं। चारे के रूप में इस समय पुआल मवेशियों को दिया जा रहा है। इस संदर्भ में ग्राम पंचायत अधिकारी संतोष कुमार का कहना है कि गोशाला में शासन से मिलने वाली सारी सुविधाएं मौजूद हैं। संवाद