फतनपुर के सुवंसा बाजार में बृहस्पतिवार शाम कार के रौंदने से हुई मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
सुवंसा। बेकाबू कार की टक्कर से जान गंवाने वाले ठेला दुकानदार रामजी गुप्ता(55) का शव शुक्रवार की शाम घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। पत्नी, बच्चों समेत अन्य परिवारीजन दहाड़ मारकर रोने लगे। पत्नी रोते-रोते गश खाकर बेसुध हुईं। अन्य महिलाओं ने उन्हें किसी तरह संभाला।
फतनपुर के सुवंसा बाजार के पास बृहस्पतिवार की शाम लखनऊ- वाराणसी राजमार्ग पर प्रतापगढ़ की ओर जा रही अनियंत्रित कार ने ठेला दुकानदार शुकुलपुर गांव निवासी रामजी गुप्ता, ग्राहक मुकुंद व पवन को टक्कर मारी थी। सभी को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। रात में ही उपचार के दौरान रामजी गुप्ता की मौत हो गई थी।
शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने रामजी के शव का पोस्टमार्टम कराया। शाम के समय शव उसके घर पहुंचा तो परिजन रोने-बिलखने लगे। रामजी की पत्नी विमला, अविवाहित बेटी ज्योति, बेटे रोहित सहित अन्य परिजनों का हाल खराब है। वहीं इस हादसे में गंभीर रूप से घायल कार चालक आजमगढ़ के देवगढ़ गांव में रहने वाले राजेश कुमार(24) की हालत खराब है। मेडिकल कालेज में उनका इलाज कर रहे चिकित्सकों ने बताया कि उनका बेहतर इलाज किया जा रहा है।