प्रयागराज जिले के कोरांव में किसानों की फसलों पर कहर बरपा चुके पाकिस्तानी टिड्डी दल की फौज अब जिले की सीमा के करीब पहुंच चुकी है। फूलपुर के करीब लोकेशन मिलने के बाद जिला कृषि विभाग की टीमें अलर्ट पर हैं। वह पल-पल की लोकेशन ले रही हैं। रात तक टिड्डी दल के जिले में आने की आशंका जताई जा रही थी।
राजस्थान, पंजाब व मध्यम प्रदेश के बाद करीब पखवारे भर पहले टिड्डी दल की फौज यूपी के आगरा, ललितपुर, झांसी में डेरा जमाए हुए थीं। एकाएक उनका रुख प्रयागराज की तरफ हो गया।
बीते तीन दिनों से टिड्डी दलों की लोकेशन प्रयागराज के कोरांव में बनी हुई थी। यहां किसानों की फसलों पर वह कहर बरपा रहे थे। प्रशासन की टीम ने टिड्डी दलों के खिलाफ आपरेशन शुरू किया तो वह दो टुकडिय़ों में बंट गई।
टिड्डियों की दूसरी फौज फूलपुर के आस-पास पहुंच चुकी है। प्रयागराज- प्रतापगढ़ की सीमा पर पहुंचने की सूचना पर जिला कृषि विभाग अलर्ट हो गया है। बुधवार को दिनभर टिड्डी दल को रोकने की तैयारी होती रही।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि रानीगंज क्षेत्र के मानधाता के आसपास के इलाके या फिर कुंडा की तरफ टिड्डी दलों का हमला हो सकता है। जिला कृषि अधिकारी डा. अश्वनी सिंह ने बताया कि करीब ढाई लाख की संख्या आंकी जा रही है। पांच मीटर लंबी फौज है। आपरेशन टिड्डी दल की तैयारी कर ली गई है।
फायर ब्रिगेड की टीम, दो पानी की टंकी, पावर मोटर स्पेयर संग रात में आपरेशन टिड्डी दल की तैयारी
रात में जिले के रानीगंज के मांधाता व कुंडा क्षेत्र में टिड्डी दलों के ठहराव की उम्मीद लगाई जा रही है। इसके लिए जिला कृषि अधिकारी की ओर से पुख्ता तैयार की गई है। जिला कृषि अधिकारी डा. अश्वनी सिंह ने बताया कि आपरेशन टिड्डी दल के लिए फायर ब्रिगेड की टीम, दो पानी की टंकी, पावर मोटर स्पेयर, कीटनाशक का घोल आदि तैयार कर लिया गया है। इसके अलावा 20 हाई वायलूम पावर स्प्रे मशीन भी प्रयोग में ली जाएंगी। आपरेशन टिड्डी दल के लिए 40 सदस्यीय टीम गठित की गई है।