रुपये के लेनदेन में स्मैक तस्कर पर जानलेवा हमला करने वाले 25 हजार के इनामी बदमाश को एसटीएफ ने दबोच लिया। उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। घटना को अंजाम देने के बाद वह भागकर दूसरे प्रदेश में छिप गया था। उसके ऊपर कंधई व कोतवाली में पांच मुकदमे दर्ज हैं। कंधई थाना क्षेत्र के खमपुर निवासी इस्तेखार उर्फ छुरीबाज पुत्र लियाकत जानलेवा हमले में फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक ने उस पर 25 हजार का ईनाम घोषित किया था। एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक नीरज पांडेय के निर्देशन में निरीक्षक अतुल कुमार सिंह, केसी राय ने अपनी टीम के साथ मंगलवार भोर में इस्तेखार उर्फ छुरीबाज को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा कारतूस, मोबाइल व 520 रुपये बरामद हुए।
पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथियों के साथ स्मैक बेचने का काम करता था। नगर कोतवाली के महुली निवासी गुड्डू सिंह उर्फ दीपक को उसने कई बार चोरी की सीमेंट दी थी। गुड्डू सिंह के कहने पर बाराबंकी से इमरान से मिली स्मैक लाया है। गुड्डू सिंह स्मैक की तस्करी करता है। रुपया न देने पर उसके ऊपर फायरिंग भी की थी। इसके बाद मध्य प्रदेश, दिल्ली समेत अन्य प्रांतों में पुलिस से बचने के लिए छिपकर भाग रहा था। सुलतानपुर से अपने साथी शैलेंद्र गौड़, इरशाद के साथ मिलकर चावल लदा ट्रक लूटा था। एसटीएफ ने उसे कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया।